दुर्ग। शहर में चर्चित गोलीकांड मामले के मुख्य आरोपी करण साव के अवैध अतिक्रमण पर बुधवार सुबह नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस बल की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निगम की टीम ने कैंप-2 स्थित अवैध निर्माण को गिरा दिया। कार्रवाई सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई, जिसके दौरान इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
14 नवंबर की शाम करण साव पर आरोप है कि उसने झारखंड से शूटर बुलवाकर विकास प्रजापति पर फायरिंग करवाई थी। इस हमले में विकास प्रजापति बाल-बाल बच गए थे। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करण साव, बाहरी शूटर और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी थी। इसी क्रम में 21 नवंबर को नगर निगम की ओर से करण साव के अवैध कब्जे को हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। गोलीकांड के करीब एक सप्ताह बाद नोटिस चस्पा कर निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।
निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर बुधवार सुबह निगम ने बुलडोजर की मदद से पूरे अवैध ढांचे को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन का कहना है कि आगे भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




