आशीष पदमवार
बीजापुर। एक बार फिर नक्सलियों की कायराना करतूत सामने आई हैं..जिससे ग्रामीण इलाके में दहशत का माहौल है. माओवादियों ने धारदार हथियार से ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया..बताया जा रहा है कि मुखबिरी के आरोप में ग्रामीण ने ग्रामीण की हत्या की है.
जानकारी के मुताबिक घटना शाम 7 बजे के करीब का है। ग्राम केशामुंडी निवासी (43) वर्षीय भदरू सोढ़ी पिता हिडमा पर मुखबिरी का आरोप लगाकर नक्सली उसके घर में घुस गए। कुल्हाड़ी से मारकर उसकी हत्या कर दी। मौके पर प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन भैरमगढ़ एरिया कमेटी की ओर से जारी पर्चा बरामद हुआ है। जिसमें माओवादियों की ओर से सलवा जुड़ूम में काम करने और पार्टी की सूचना देना लिखा गया हैं. सूचना पर थाना भैरमगढ़ के द्वारा शव को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गौरतलब है कि जिले में चलाए जा रहे माओवादी विरोधी अभियान में लगातार पुलिस को मिल रही सफलता से माओवादी संगठन को काफी नुकसान उठाना पड़ा है. साथ ही माओवादियों के कोर क्षेत्र में नवीन सुरक्षा कैंप के निर्माण से माओवादियों का आधार क्षेत्र सिमट रहा है। इस बात की खीझ माओवादी आम निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों पर निकाल रहे हैं एवं कभी गद्दारी, कभी पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर भय का माहौल निर्मित करने के लिए आम लोगों की नृशंस हत्या कर अपने जनविरोधी, आदिवासी विरोधी, विकास विरोधी होने का परिचय दे रहे हैं।




