रायपुर। राजधानी के बूढ़ापारा स्थित आउटडोर स्टेडियम में 8 और 9 नवंबर को नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ मोटरस्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक ने बताया कि इस स्पर्धा में देशभर के करीब 115 प्रोफेशनल राइडर्स हिस्सा लेंगे। राइडर्स की टीम राजधानी 7 नवंबर तक पहुँच जाएगी।
छत्तीसगढ़ से भी लगभग 50 राइडर्स पाटन स्थित ट्रैक पर प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं। इनमें से बेहतरीन राइडर्स का चयन कर उन्हें नेशनल रेस में भेजा जाएगा। इस बार की स्पर्धा की थीम है: “सेफ रेसिंग – सेफ राइडिंग – सेफ ड्राइविंग”।
एसोसिएशन के महासचिव अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि आउटडोर स्टेडियम में जंपिंग और बाधाओं के लिए ट्रैक तैयार कर दिया गया है, जिसकी ऊंचाई 3 से 5 फीट तक होगी। फ्री स्टाइल मोटोक्रॉस के लिए 13 फीट ऊंचा हर्डल ट्रैक भी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि 10 साल से कम उम्र के बच्चे भी प्रदर्शन करेंगे, जिनके लिए सुरक्षा मानकों के अनुसार जांच-पड़ताल की जाएगी।
Read Also- साल 2026 की छुट्टियों की सूची जारी, कर्मचारियों को मिलेंगी 100 से अधिक छुट्टियां
देश की सबसे कम उम्र की राइडर ऐलिना मंसूर, जिन्होंने 9 साल की उम्र में नेशनल रेस में भाग लिया था और अब 14 साल की हो गई हैं, इस प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेंगी।
प्रतियोगिता में यामाहा, टीवीएस और होंडा जैसी प्रमुख कंपनियों के राइडर्स भी भाग लेंगे। इनकी टीम 8 नवंबर की सुबह राजधानी पहुंचेगी। उज्ज्वल दीपक ने कहा कि यह रेस नेशनल सुपरक्रॉस नियमों के तहत आयोजित की जाएगी और सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाएगा।




