बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार की गला काटकर हत्या कर दी। घटना पामेड़ थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने पहले जेसीबी मशीन के मुंशी का अपहरण किया था। अपहरण की खबर मिलने पर ठेकेदार इम्तियाज अली मुंशी को बचाने पहुंचा, जहां नक्सलियों ने उसे पकड़कर हत्या कर दी।
ठेकेदार की पहचान इम्तियाज अली, निवासी उत्तर प्रदेश, के रूप में हुई है। वह लंबे समय से नारायणपुर जिले के धौड़ाई इलाके में सड़क निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ था। नक्सलियों ने उसकी हत्या के बाद शव जंगल में फेंक दिया। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि की है।
घटना के बाद नक्सलियों ने मुंशी को छोड़ दिया। मुंशी ने ठेकेदार के परिजनों को पूरी वारदात की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने पामेड़ पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई।
एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि मुंशी के बयान के आधार पर संभावित घटनास्थल की पहचान कर ली गई है और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। अब तक ठेकेदार का शव बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि नक्सली लंबे समय से सड़क निर्माण का विरोध कर रहे थे और कई बार धमकी भरे पोस्टर लगाकर चेतावनी दे चुके थे।




