रायपुर, 21 दिसंबर 2025। नवा रायपुर के ऐलसवेयर होटल में शनिवार देर रात आयोजित हाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी के दौरान युवकों के दो गुटों में विवाद के बाद जमकर बवाल हुआ। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे बरसाए और होटल परिसर में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। अचानक हुई इस हिंसक घटना से होटल में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, देर रात होटल में तेज संगीत के बीच नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर होटल परिसर में पहुंचे और एक युवक पर अचानक हमला कर दिया। देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने न केवल युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि कई गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की।
पुलिस के अनुसार, पार्टी के दौरान राहुल गवली और उसके दोस्तों का शुभम लेखवानी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआती कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि राहुल गवली ने अपने साथियों के साथ मिलकर शुभम लेखवानी पर लाठी-डंडों से हमला किया और गाड़ियों में तोड़फोड़ कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में मारपीट के पीछे आपसी और पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है।




