रायपुर। छत्तीसगढ़ में उप मुख्यमंत्री अरुण साव समेत तीन मंत्रियों ने अपने निजी स्थापना के कर्मचारियों में बदलाव किया है। इसमें ओएसडी और लिपिकीय संवर्ग के कर्मचारियों की अदला-बदली की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
आदेश के अनुसार, हाईस्कूल भरारी (बिल्हा) में पदस्थ ग्रेड-2 लिपिक डिगेश्वर राव शिंदे की सेवाएं स्कूल शिक्षा विभाग से लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव के निजी स्थापना में पदस्थ की गई हैं। वहीं, उच्च शिक्षा और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने ओएसडी, डिप्टी कलेक्टर गौतम सिंह की सेवाएं मूल विभाग को लौटाते हुए उनकी जगह बिलासपुर पीजी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. संजय तिवारी को ओएसडी नियुक्त किया है।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के निजी स्थापना में पदस्थ प्रधान पाठक मुन्ना लाल ध्रुवे की सेवाएं स्कूल शिक्षा विभाग के सरुवत स्कूल वाड्रफनगर को वापस कर दी गई हैं। उनकी जगह मेडिकल कॉलेज रायपुर में स्टेनो ग्रेड-3 के पद पर कार्यरत संतोष राम को ग्रेड-2 पद के विरुद्ध पदस्थ किया गया है। हालांकि, उन्हें वेतन ग्रेड-3 का ही मिलेगा। इस नियुक्ति के लिए जीएडी ने अर्हता नियमों में शिथिलता प्रदान की है।
गौरतलब है कि इससे पहले इसी महीने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और कौशल विकास मंत्री खुशवंत गुरु ने भी अपने निजी स्टाफ में बदलाव किया था। दोनों मंत्री लगभग दो महीने पहले ही अपने पद पर नियुक्त हुए हैं।




