दुर्ग। नववर्ष 2026 के स्वागत के लिए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 31 दिसंबर की रात शांतिपूर्ण और सुरक्षित रहे, इसके लिए पूरी पुलिस बल हाई अलर्ट पर रहेगी।
एसएसपी विजय अग्रवाल ने बुधवार शाम पुलिस लाइन से पेट्रोलिंग टीमों को रवाना करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में 600 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान तैनात किए गए हैं। प्रमुख चौराहों, बाजारों, होटलों, रिसॉर्ट्स और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। कुल 72 बीट बनाई गई हैं। महिला सुरक्षा के लिए तीन विशेष महिला पेट्रोलिंग टीमें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में रक्षा टीम को ड्यूटी पर लगाया गया है।
एसएसपी अग्रवाल ने बताया कि कोलाहल अधिनियम के उल्लंघन, तेज आवाज में डीजे बजाने, स्टंटबाजी, तेज रफ्तार वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। मौके पर चालान के साथ वाहन जब्ती भी की जा सकती है।
सभी थाना प्रभारियों को अपने स्टाफ के साथ थाना क्षेत्र में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी पेट्रोलिंग और फील्ड विजिट से स्थिति की निगरानी करेंगे। पुलिस कंट्रोल रूम पूरी रात सक्रिय रहेगा और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नववर्ष का जश्न कानून के दायरे में मनाएं, अफवाहों से बचें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। विशेष रूप से महिला-बाल सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
दुर्ग पुलिस की ये तैयारियां जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की पूर्ण प्रतिबद्धता दर्शाती हैं।




