रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ठंड की ओर बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद प्रदेश में रात और सुबह की ठंड बढ़ सकती है। विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क है और कहीं वर्षा की संभावना नहीं है।
बुधवार को प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। दिन का सर्वाधिक तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में वर्षा के सभी आंकड़े शून्य रहे।
रायपुर के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, आज सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके बाद दिनभर आकाश सामान्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।




