श्रीकाकुलम
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। मंदिर में एकादशी के अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। अचानक मची भगदड़ में नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर में दर्शन के दौरान भीड़ बढ़ने लगी और अव्यवस्था फैल गई। इसी बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिससे कई लोग नीचे गिर गए। नीचे गिरे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला और भीड़ उनके ऊपर से गुजरती चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए हैं।




