रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सर्वांगीण विकास की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति के अनुरूप पूजा-अर्चना कर राज्य की धरोहर, संस्कृति, मातृशक्ति और स्वाभिमान की प्रतीक छत्तीसगढ़ महतारी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी हमारी अस्मिता, आस्था और गर्व का प्रतीक हैं। यह भूमि मातृशक्ति की आराधना वाली भूमि है और महतारी के आशीर्वाद से प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।
राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आम जनता के जीवन स्तर में सुधार, महिला सशक्तिकरण, कृषि विकास, युवाओं को रोजगार, आदिवासी समाज की उन्नति और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए सरकार अनेक योजनाएं संचालित कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रजत जयंती वर्ष प्रदेश के लिए नई ऊर्जा और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने इस अवसर को विशेष गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज छत्तीसगढ़ आगमन भी राज्य के लिए ऐतिहासिक अवसर है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से आने वाले समय में प्रदेश देश के अग्रणी और समृद्ध राज्यों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा।




