स्पोर्ट्स डेस्क। दुबई में रविवार को एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर नौवीं बार खिताब अपने नाम किया। भारत की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ऑपरेशन सिंदूर खेल के मैदान पर जारी। नतीजा वही है। भारत की जीत हुई। इसके लिए हमारे सभी खिलाड़ियों को बधाई।
हालांकि, ट्रॉफी वितरण समारोह विवाद का केंद्र बन गया। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृहमंत्री फ़वाद नकवी ने मंच से ट्रॉफी लेने का प्रयास किया, लेकिन भारतीय टीम ने इसे लेने से इनकार कर दिया। नकवी अंततः ट्रॉफी और मेडल्स अपने साथ ले गए।
Read Also- पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अर्शदीप सिंह के खिलाफ ICC में की शिकायत, ‘आपत्तिजनक’ इशारे का आरोप
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, जब मैं क्रिकेट खेल रहा हूँ तब से पहली बार देखा कि चैंपियन टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई। हमने बहुत मेहनत करके यह टूर्नामेंट जीता है। खैर, भारतीय ड्रेसिंग रूम में अपने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ होना ही मेरे लिए ट्रॉफी है।
मैच और पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान भारतीय और पाकिस्तानी टीम अलग-अलग खड़ी रहीं। भारतीय समर्थकों ने स्टैंड में भारत माता की जय के नारे लगाए। टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ भी नहीं मिलाया।
Read Also- अभिषेक शर्मा ने तोड़ा कोहली और रिजवान का रिकॉर्ड: टीम इंडिया बनी सुपर ओवर की चैंपियन
पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने भारतीय टीम पर क्रिकेट का अपमान करने का आरोप लगाया। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ANI को बताया कि भारतीय टीम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के किसी अधिकारी से ट्रॉफी नहीं लेगी और ICC की आगामी कॉन्फ्रेंस में नकवी की हरकत पर कड़ी आपत्ति जताई जाएगी।




