रायपुर। 31 दिसंबर की रात नए साल के स्वागत में होने वाले कार्यक्रमों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की गाड़ियां जब्त की जाएंगी तथा हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। कार्यक्रम आयोजकों से भी नशा परोसने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
पुलिस ने होटल, रेस्टोरेंट एवं फार्म हाउस संचालकों से बड़े आयोजनों की पूरी जानकारी मांगी है। निर्देश दिए गए हैं कि बिना अनुमति कोई आयोजन नहीं किया जाए तथा शराब परोसने की अनुमति ली जाए तो मेहमानों का नशे में वाहन न चलाना सुनिश्चित करें। आयोजकों को मेहमानों को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए ड्राइवर या वाहन की व्यवस्था करनी होगी।
नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस ने हाल में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अमलीडीह इलाके के वरण अपार्टमेंट में छापा मारकर एक नाबालिग बालिका सहित 5 आरोपियों को ड्रग्स के साथ पकड़ा गया था। इसके बाद तीन और आरोपियों को दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद माजिद (28), निवासी ग्राम खटेरी कैपिटल कॉलोनी (थाना मंदिरहसौद), शुभम शिंघनापुरे उर्फ आर्यन (28), अमन शर्मा, पराग बरछा उर्फ रघु (कैलाशपुरी) एवं शुभम राजूधावड़े (नागपुर, महाराष्ट्र) शामिल हैं। ये सभी किसी न किसी रूप में इवेंट आयोजन से जुड़े रहे हैं। इनका संबंध नागपुर निवासी नंदलाल ठाकुर (20), निवासी अतरौली मदवनी (बिहार) से मिला, जिसे भी जेल भेजा गया है। इसी क्रम में ड्रग डिलीवरी के लिए नागपुर से दुर्ग होते हुए रायपुर आए पाटन भाटापारा मंच निवासी अब्दुल करीम उर्फ समीर (26) को भी गिरफ्तार किया गया है। अफीम एवं गांजा के मामलों में भी गिरफ्तारियां हुई हैं।
पुलिस ने होटल-रेस्टोरेंट कारोबारियों एवं फार्म हाउस संचालकों को नोटिस जारी कर आयोजनों की जानकारी, आने वाले सेलिब्रिटी, बाउंसरों एवं कर्मियों की सूची मांगी है। जल्द ही बैठक बुलाकर होटल, रेस्टोरेंट, बार संचालकों एवं इवेंट आयोजकों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।




