बैकुंठपुर: नेशनल हाइवे पर कार रोककर जन्मदिन मनाने वाले सोनहत के बीएमओ डॉ. अनित बखला पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बैकुंठपुर कोतवाली पुलिस ने बीएमओ और उनके दोस्त के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कोरिया जिले के ग्राम आनी निवासी डॉ. अनित बखला सोनहत में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। 28 नवंबर की रात उन्होंने अपने दोस्त के साथ जन्मदिन मनाने के दौरान बैकुंठपुर से सटे रामपुर तिराहा के पास नेशनल हाइवे पर कार (नंबर सीजी 16 सीआर 0016) रोक दी। इसके बाद कार की बोनट पर केक रखकर काटा और उत्साह में आतिशबाजी की।
हाईकोर्ट के सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का उल्लंघन होने के बावजूद यह वीडियो वायरल हो गया, जिस पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रियाएं दर्ज कीं। पुलिस ने बीएमओ समेत दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285, 288, 3(5) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 122, 177 के तहत अपराध दर्ज किया है। जांच जारी है।




