रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत होने जा रही है, लेकिन खरीदी शुरू होने से पहले ही प्रदेश की सियासत में गरमाहट बढ़ गई है। धान के मुद्दे पर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि धरातल पर धान खरीदी की कोई तैयारी नहीं है। एग्री स्टैक पोर्टल में पंजीयन की दिक्कतों से करीब 7 लाख किसान परेशान हैं। सरकार खुद नहीं चाहती कि सभी किसान धान बेचें, इसलिए पेचीदगियां पैदा की जा रही हैं।
“कांग्रेस ने किसानों को ठगा, हम कर रहे हैं वादे पूरे” — अरुण साव
भूपेश बघेल के आरोपों पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा, ठगने और लूटने वाली पार्टी कांग्रेस है। हमारी सरकार किसान हितैषी है और अपने हर वादे को पूरा कर रही है। कांग्रेस ने किसानों को बोनस देने का वादा किया था, लेकिन पांच साल तक निभाया नहीं। किस्तों में पैसा दिया और चौथी किस्त में कटौती कर पैसा खा गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की ओर से धान खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और निर्धारित तिथि पर खरीदी सुचारू रूप से शुरू होगी। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
Read Also- क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत का फूटा गुस्सा, कहा- तोमर कोई आतंकवादी था क्या?, रायपुर कूच की दी चेतावनी
भाजपा कार्यालय में देर रात मंत्रियों की बैठक
इस बीच, भाजपा प्रदेश कार्यालय में देर रात एक अहम बैठक हुई। बैठक को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया कि, भाजपा के कई कार्यक्रम लगातार चल रहे हैं। कार्यकर्ताओं और नेताओं का कार्यालय आना-जाना नियमित है। यह बैठक भी उसी क्रम का हिस्सा थी।
SIR प्रक्रिया पर कांग्रेस को घेरा
इधर, कांग्रेस की ओर से आज SIR प्रक्रिया की निगरानी समिति की बैठक बुलाई गई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, कांग्रेस को न संविधान पर भरोसा है, न संवैधानिक संस्थाओं पर। उनका भरोसा केवल एक परिवार और उसके आदेशों पर है। SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है, पहले भी होती रही है। कांग्रेस अब अपने ही जनाधार पर सवाल उठा रही है।उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अब वोट चोरी, मतदाता सूची और EVM में गड़बड़ी जैसे मुद्दों को उठाकर जनता को गुमराह कर रही है।




