बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पोल्ट्री फार्म संचालित करने वाले युवक की हत्या कर उसकी लाश को पत्थर से बांधकर तालाब में फेंक दिया गया। युवक 30 नवंबर से लापता था और रविवार को उसका शव तालाब में मिला। मामला कोटा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय धीरज साहू, निवासी घोरामार गांव, के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार धीरज 30 नवंबर की रात घर में खाना खाने के बाद पोल्ट्री फार्म के लिए निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। तलाश के बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत कोटा थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी पहलुओं के साथ जांच शुरू की, जिसमें युवक का अंतिम लोकेशन पोल्ट्री फार्म के पास पाया गया।
इस बीच रविवार को ग्रामीणों ने तालाब में एक शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। जांच में सामने आया कि धीरज के सीने और पीठ में गमछे से पत्थर बांधे गए थे, जिसके कारण लाश कई दिनों तक पानी में डूबी रही। युवक के चेहरे और पीठ पर धारदार हथियार से किए गए वार के गहरे निशान मिले हैं, साथ ही उसकी पसलियां भी टूटी हुई पाई गईं।
प्राथमिक जांच में पुलिस ने प्रेम-प्रसंग या अवैध संबंध को हत्या की संभावित वजह बताया है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात में धीरज के परिचित लोग शामिल हो सकते हैं, क्योंकि हत्या अत्यधिक क्रूरता से की गई है। पुलिस ग्रामीणों और धीरज के परिचितों से पूछताछ कर संदेहियों की तलाश कर रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है।
थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग ने बताया कि परिजन और पुलिस तालाब के आसपास पहले भी कई बार गए थे, लेकिन पानी में डूबे होने के कारण शव नहीं दिखा। फिलहाल पुलिस हत्यारों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने में जुटी है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और जांच जारी है।




