रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 7:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे नवा रायपुर स्थित एम-01 बंगले जाएंगे जहां रात्रि विश्राम करेंगे। कल (29 नवंबर) और परसों (30 नवंबर) वे नवा रायपुर के भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) में आयोजित 60वें राष्ट्रीय DGP-IG सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। 30 नवंबर शाम को वे दिल्ली वापस लौट जाएंगे।
‘विकसित भारत : सुरक्षा आयाम’ थीम पर आधारित तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद निरोध, महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, फोरेंसिक विज्ञान और एआई के उपयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे।
ठहरने की व्यवस्था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एम-01 तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एम-11 बंगले में ठहरेंगे। एनएसए अजीत डोभाल, आईबी चीफ तपन डेका सहित शीर्ष अधिकारी नए सर्किट हाउस में रहेंगे। ठाकुर प्यारेलाल संस्थान में 140 तथा निमोरा अकादमी में 91 कमरे बुक किए गए हैं। सम्मेलन में देशभर के डीजीपी, पैरामिलिट्री फोर्स के प्रमुख समेत करीब 75 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
2014 से प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आयोजित हो रहे इस वार्षिक सम्मेलन का उद्देश्य प्रमुख सुरक्षा चुनौतियों की समीक्षा करना और ‘सुरक्षित भारत’ के लिए दीर्घकालिक रोडमैप तैयार करना है।




