रायपुर। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में मंगलवार सुबह से रुक-रुककर हल्की बारिश का दौर जारी है। चक्रवाती तूफान मोंथा के कमजोर पड़ने और पश्चिम की ओर बढ़ने के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बिलासपुर और सरगुजा संभाग में आज झमाझम बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में मध्यम से भारी वर्षा होने के आसार हैं।
![]()
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, चक्रवात मोंथा उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। यह वर्तमान में जगदलपुर से लगभग 220 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में स्थित है। अगले कुछ घंटों में इसके आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ से होते हुए अवदाब के रूप में परिवर्तित होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक की स्थिति बने रहने के आसार हैं। दक्षिणी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है। इस दौरान लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है। राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहेंगे और हल्की वर्षा की संभावना है। तापमान 23 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।




