रायपुर, 22 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के नियमित शासकीय कर्मचारियों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य शासन और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच स्टेट गवर्नमेंट सैलरी पैकेज समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस एमओयू के तहत एसबीआई में वेतन खाता रखने वाले कर्मचारियों को करोड़ों रुपये का बीमा कवर पूरी तरह निःशुल्क मिलेगा।
एमओयू के अनुसार कर्मचारियों को 1 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, 1 करोड़ 60 लाख रुपये का हवाई दुर्घटना बीमा, 1 करोड़ रुपये का स्थायी पूर्ण दिव्यांगता बीमा, 80 लाख रुपये का आंशिक दिव्यांगता बीमा तथा 10 लाख रुपये का समूह जीवन बीमा प्रदान किया जाएगा। इन सभी सुविधाओं के लिए कर्मचारियों को कोई अतिरिक्त प्रीमियम नहीं देना होगा।
इसके अलावा एसबीआई रुपे कार्ड पर 1 करोड़ रुपये के बीमा कवर में अतिरिक्त 10 लाख रुपये का लाभ तथा स्वास्थ्य बीमा टॉप-अप जैसी सुविधाएं रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों की सुरक्षा एवं कल्याण के लिए लगातार ठोस फैसले ले रही है। एसबीआई के साथ यह एमओयू कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए मजबूत सुरक्षा कवच साबित होगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह समझौता कर्मचारियों को आर्थिक जोखिम से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बिना अतिरिक्त खर्च के व्यापक बीमा सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की कर्मचारी हितैषी नीति को दर्शाता है।
यह एमओयू 22 दिसंबर 2025 को वित्त सचिव की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इससे राज्य के नियमित कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाओं के साथ दुर्घटना या आकस्मिक स्थिति में बड़ी आर्थिक राहत सुनिश्चित होगी।




