रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों के रसोइये 50 % मानदेय की बढ़ोतरी को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन के बीच दो रसोइयों की मौत हो गई है। इसको लेकर बुधवार को सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि, सरकार 25% देने के लिए तैयार है।
सीएम साय ने कहा कि, मुझे जो जानकारी मिली है कि, वे जरूर रसोईया थे। उनका आंदोलन चल रहा था, लेकिन मौत का इससे कोई संबंध नहीं है। पूरे प्रदेश में 88 हजार से अधिक रसोईया हैं। उनसे शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने संपर्क किया है। उनके मानदेय में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की मांग है। सरकार अभी 25 प्रतिशत देने तैयार है उनसे चर्चा हुई है।
धान खरीदी को लेकर बयान
प्रदेश में धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि धान खरीदी प्रदेश में अच्छे से हो रही है। कल ही इसकी समीक्षा की गई है। कई जगह से हमें जानकारी मिल रही थी कि किसानों का टोकन नहीं कटा है। अभी 3 दिन का समय बाकी है। तीन दिनों में 70,000 टोकन काटे जाएंगे और वंचित किसान अपना धान तीन दिनों के अंदर बेच पाएंगे।




