बीजापुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बीजापुर प्रवास के दौरान विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने बच्चों, महिलाओं और किशोरियों के पोषण एवं स्वास्थ्य को अत्यंत आवश्यक बताते हुए अधिकारियों से समन्वित प्रयास कर बेहतर कार्य करने की अपील की।
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि कुपोषण की स्थिति में सुधार लाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी छह माह के भीतर पोषण सुधार हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी घर-घर जाकर हितग्राहियों से संपर्क करें और पर्यवेक्षक नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करें।
Read Also- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री मोदी से की भेंट, राज्य की विकास योजनाओं से कराया अवगत
उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुँचे, इसके लिए प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता दी जाए। जनप्रतिनिधियों की मदद से लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
बैठक में मंत्री राजवाड़े ने जिले में ऐसे आंगनबाड़ी केन्द्रों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जिनकी मरम्मत की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सूची जल्द जिला प्रशासन को भेजी जाए ताकि मरम्मत कार्य समय पर शुरू किया जा सके। मंत्री राजवाड़े ने यह भी घोषणा की कि छह माह बाद वह पुनः बीजापुर दौरे पर आएंगी और योजनाओं की जमीनी हकीकत का निरीक्षण करेंगी।




