कोरबा। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड के दीपका खदान क्षेत्र में दस नवंबर की रात एक सड़क हादसे में निजी कंपनी के कर्मचारी निलेश पटेल (25) की मौत हो गई। हादसा न्यू सीएचपी, PQR-1 ड्राइव हाउस के सामने हुआ।
मृतक बलौदा थाना क्षेत्र के बुड़गहन गांव का निवासी था और निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में लोडर सहायक के रूप में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार निलेश काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान खदान परिसर से गुजर रहे तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार निलेश वाहन के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों, कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों ने खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही, ट्रैफिक निगरानी की कमी और सुरक्षा मांगों पर कार्रवाई नहीं होने को हादसे का कारण बताया।
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि दुर्घटना इरेक्शन यार्ड के सामने हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।




