बालोद। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम लिमहाटोला में आज सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। यात्रियों को उतारने के लिए सड़क किनारे खड़ी एक बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के सामने खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी उसकी चपेट में आ गईं।
जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल सवार सड़क किनारे बाइक खड़ी कर चिकन लेने गए थे, इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई। हादसे में बस में सवार तीन महिलाएं और एक पुरुष घायल हो गए। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।
दादा ट्रेवल्स की यह बस भानुप्रतापपुर से दल्लीराजहरा की ओर जा रही थी, जिसमें 40 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा गया।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।




