रायपुर। राजधानी रायपुर के लालपुर ओवरब्रिज पर देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, डौंडी थाना क्षेत्र के अवारी नाला गांव के पास बीती रात एक और सड़क दुर्घटना में एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, गुदुम गांव के दो नाबालिग दोस्त बिना परिवार को बताए रात करीब 10 बजे बाइक से घूमने निकले थे। रात करीब 2 बजे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को मरच्यूरी में रखवाया गया। घायल किशोर को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में शोक का माहौल बना दिया है। पुलिस दोनों मामलों में अज्ञात वाहनों की तलाश में जुटी हुई है।




