मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को पूरे जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला पुलिस प्रशासन की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मनेंद्रगढ़ के मिनी स्टेडियम से हुआ। बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी, पुलिसकर्मी, अधिकारी और समाजसेवी इसमें शामिल हुए। दौड़ नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई आमाखेरवा मैदान तक पहुंची। लगातार बारिश के बावजूद प्रतिभागियों में जोश और उत्साह बना रहा। हर आयु वर्ग के लोगों ने दौड़ में भाग लेकर एकता और देशभक्ति का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान पूरा शहर “एकता जिंदाबाद”, “सरदार पटेल अमर रहें” और “भारत माता की जय” जैसे नारों से गूंज उठा। युवाओं में देशप्रेम और सामूहिकता का जोश देखने लायक था। एसपी रत्ना सिंह के नेतृत्व में यह आयोजन विशेष रूप से प्रेरणादायक बना। उन्होंने स्वयं दौड़ में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और एकता के संदेश को नई ऊर्जा दी।
अपने संबोधन में एसपी रत्ना सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोया और भारतीय प्रशासनिक सेवाओं की नींव रखकर देश को सशक्त बनाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और अनुशासन, एकता के दो प्रमुख स्तंभ हैं। विद्यार्थियों और अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, एसडीएम लिंगराज सिदार, विधायक प्रतिनिधि सरजू यादव और एसडीओपी एलेक्स टोप्पो सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
आयोजन स्थल पर देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण उत्सवमय बन गया। स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रमों से सरदार पटेल के आदर्शों को जीवंत किया। प्रशासन ने बताया कि आगामी वर्षों में इस आयोजन को और बड़े स्तर पर किया जाएगा, ताकि राष्ट्रीय एकता दिवस का संदेश जिले के हर गांव और हर नागरिक तक पहुंच सके।




