रायपुर। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट 26 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे। आगमन के तुरंत बाद वे धमतरी के लिए रवाना होंगे, जहां संविधान बचाओ दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के साथ SIR अभियान की समीक्षा बैठक लेंगे।
धमतरी के बाद पायलट कांकेर पहुंचेंगे और जिला एवं ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक समीक्षा करेंगे। कांकेर से वे देर शाम जगदलपुर प्रस्थान करेंगे।
27 नवंबर को जगदलपुर में सचिन पायलट SIR अभियान की विस्तृत समीक्षा करेंगे तथा दोपहर में मीडिया से मुखातिब होंगे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद शाम की उड़ान से दिल्ली लौट जाएंगे।
पार्टी के लिए यह दौरा संगठन मजबूती और आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
सूत्रों के अनुसार पायलट के दौरे से पहले प्रदेश में लंबे समय से लंबित जिलाध्यक्षों की सूची भी जारी हो सकती है। राजस्थान और तेलंगाना के बाद छत्तीसगढ़ में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा उनके आगमन से पूर्व होने की प्रबल संभावना है।




