बेमेतरा। सतनामी समाज के धर्मगुरु और आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के काफिले पर हुए हमले के बाद प्रदेश का माहौल गरमा गया है। इस घटना ने सतनामी समाज में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब स्वयं घटनास्थल भोईनाभांठा पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सड़क किनारे लगे बिजली के पोल के टूटने के कारण हुआ। हालांकि, इस दावे को गुरु बालदास साहेब ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने पुलिस जांच पर सवाल खड़े करते हुए इसे केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि पूरे सतनामी समाज पर सुनियोजित हमला बताया।
Read Also- आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के काफिले पर हमला, सतनामी समाज में आक्रोश की लहर
गुरु बालदास साहेब ने 24 घंटे के भीतर हमलावरों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि दोषियों को जल्द नहीं पकड़ा गया, तो समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने गुरु खुशवंत साहेब की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और इस विषय पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चर्चा करने की बात कही।
गौरतलब है कि यह हमला शनिवार को उस वक्त हुआ, जब गुरु खुशवंत साहेब नवागढ़ में एक सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। जैसे ही उनका काफिला बेमेतरा-रायपुर बायपास मार्ग पर भोईनाभांठा के पास पहुंचा, अचानक असामाजिक तत्वों ने उनकी गाड़ी पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हमले में वाहन का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि गुरु खुशवंत साहेब पूरी तरह सुरक्षित हैं।




