रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रखर पांडेय का रविवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी), सीआईडी के पद पर कार्यरत थे।
घटना उस समय हुई जब वे दुर्ग जिले के भिलाई में थे। अचानक तबीयत बिगड़ने पर सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया। रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में इमरजेंसी उपचार शुरू किया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
प्रखर पांडेय की गिनती राज्य के तेजतर्रार पुलिस अधिकारियों में होती थी। वे अपराध अनुसंधान और संवेदनशील मामलों की निगरानी में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। इससे पूर्व कबीरधाम, सूरजपुर तथा दुर्ग जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके थे।
अपने कार्यकाल में उन्होंने कठिन परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था को मजबूती प्रदान की तथा अलग पहचान बनाई। उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा।




