गरियाबंद।
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से नक्सल विरोधी मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। उदंती एरिया कमेटी में सक्रिय सात नक्सलियों ने रायपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इस समूह में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। दो नक्सलियों पर 8-8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस को मिली बड़ी सफलता
रायपुर में आईजी अमरेश मिश्रा के सामने इन नक्सलियों ने कुल छह हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया। सरेंडर की यह घटना नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इनामी नक्सलियों की पहचान
आत्मसमर्पण करने वालों में एरिया कमांडर सुनील और सचिव एरिना शामिल हैं, जिन पर 8-8 लाख रुपये का इनाम था। अन्य नक्सलियों में लुद्रों, विद्या, नंदिनी और मलेश शामिल हैं, जिन पर 5-5 लाख रुपये का इनाम था, जबकि कांती पर 1 लाख रुपये का इनाम था। इनके पास से एक SLR, तीन INSAS रायफल और एक सिंगल शॉट हथियार बरामद हुए।
कमांडर के आव्हान पर आत्मसमर्पण
सूत्रों के अनुसार, नक्सली कमांडर सुनील ने संगठन में शांति की अपील करते हुए अपने साथियों से आत्मसमर्पण का आव्हान किया। इसके बाद बाकी छह नक्सलियों ने भी आत्मसमर्पण करने का निर्णय लिया। सुरक्षा बलों ने इस कदम को नक्सल विरोधी अभियान में सकारात्मक उपलब्धि बताया।




