रायपुर। SIR निर्वाचन प्रक्रिया के तहत सभी क्षेत्रों में फॉर्म जमा कराने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। अधिकारियों ने बताया कि 4 दिसंबर अंतिम तिथि होने के कारण बड़ी संख्या में फॉर्म को कंप्यूटर सिस्टम में अपलोड करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में मतदाताओं से अनुरोध किया गया है कि वे आज या कल तक अपने क्षेत्र के BLO के माध्यम से SIR फॉर्म अविलंब जमा कर दें, ताकि नामांकन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
इसी बीच एक जागरूक नागरिक ने सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फैली उस खबर को भ्रामक बताया, जिसमें कहा गया था कि फॉर्म जमा करने का अंतिम दिन आज ही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता को नोटिस देकर फॉर्म जमा कराया जाएगा, लेकिन अंतिम दिनों में भारी भीड़ और असुविधा से बचने के लिए समय रहते फॉर्म जमा करना बेहतर है।
जिला प्रशासन ने भी मतदाताओं से अपील की है कि प्रक्रिया को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जल्द से जल्द फॉर्म जमा करें। प्रशासन द्वारा लगातार प्रचार-प्रसार, जागरूकता अभियान और BLO स्तर पर निगरानी की जा रही है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
पूरे छत्तीसगढ़ में SIR फॉर्म जमा करने की गतिविधि तेज हो गई है और BLO लगातार घर-घर जाकर फॉर्म संकलन का कार्य कर रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे समय पर सहयोग करें और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।




