रायपुर। स्टेट जीएसटी की टीम ने बिलासपुर में तीन बड़े कोल कारोबारियों महावीर कोल वाशरी, फिल कोल और पारस कोल एंड बेनिफिकेशन के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में कारोबारियों द्वारा कुल 27 करोड़ रुपये की जीएसटी राशि सरेंडर किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें महावीर कोल वाशरी द्वारा 10 करोड़ रुपये का सरेंडर किया गया है। उल्लेखनीय है कि महावीर कोल वाशरी का संबंध अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के ससुराल पक्ष से बताया जा रहा है।
स्टेट जीएसटी विभाग के अधिकारियों के अनुसार संबंधित कारोबारियों के परिसरों पर जांच की कार्रवाई अभी जारी है। लेनदेन, खातों और आय से जुड़े दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है। विभाग को जांच के दौरान जीएसटी चोरी से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।




