रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में बड़ी पहल होने जा रही है। केंद्र सरकार ने रायपुर में अत्याधुनिक स्पेस लैब स्थापित करने के प्रस्ताव को औपचारिक मंजूरी दे दी है। इसकी जानकारी रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर साझा की और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष व अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सांसद अग्रवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के अवसर पर स्पेस लैब की स्थापना का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था, जिस पर अंतरिक्ष आयोग ने सहमति जताते हुए स्वीकृति जारी कर दी है। उन्होंने कहा कि यह लैब प्रदेश के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी। यह परियोजना आने वाले समय में विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी।
अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस सुविधा को जल्द शुरू करने के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोकसभा में नियम 377 के तहत प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि देशभर में इस प्रकार के स्पेस इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जाएं, ताकि सभी बच्चों को विज्ञान और नवाचार के समान अवसर मिल सकें।
सांसद ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को तभी साकार किया जा सकता है जब नई पीढ़ी विज्ञान, अनुसंधान और तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने। रायपुर में स्पेस लैब की स्थापना न केवल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह भारत को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




