बिलासपुर। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर में एक निजी स्कूल में केजी-2 के छात्र को होमवर्क नहीं करने पर पेड़ से लटकाने की घटना सामने आई है। वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग SCHOOL के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है और सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग से शपथ पत्र के साथ जवाब तलब किया है। अगली सुनवाई 9 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि शिक्षा के नाम पर क्रूरता और निजी स्कूलों में अव्यवस्था असहनीय है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। वहीं शिक्षा विभाग ने जानकारी दी है कि संबंधित शिक्षिका को बर्खास्त कर दिया गया है और स्कूल की मान्यता समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना रामानुजनगर ब्लॉक के नारायणपुर स्थित हंसवानी विद्या मंदिर की है, जहां नर्सरी से पांचवीं तक के बच्चे अध्ययन करते हैं। सोमवार को कक्षा के दौरान शिक्षक काजल साहू ने एक छात्र का होमवर्क अधूरा मिलने पर उसे क्लास से बाहर निकाल दिया और स्कूल परिसर में पेड़ से रस्सी के सहारे लटका दिया। बच्चा घंटों लटका रहा और रोता रहा, लेकिन शिक्षक ने उसे नहीं छोड़ा।
इसी दौरान किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से फैल गया। बढ़ते विवाद के बीच शिक्षा विभाग सक्रिय हुआ और विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।
घटना ने बाल संरक्षण, स्कूलों में निगरानी तंत्र और शिक्षा संस्थानों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




