सुकमा। जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। गोलापल्ली थाना क्षेत्र के गोंडीगुड़ा जंगल-पहाड़ी इलाके में डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए। मारे गए नक्सलियों में एक महिला शामिल है तथा सभी पर 12 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीम ने गोंडीगुड़ा जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। 18 दिसंबर 2025 की सुबह सर्चिंग के दौरान डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हुई।
मुठभेड़ समाप्त होने के बाद इलाके की तलाशी में एक महिला एवं दो पुरुष माओवादियों के शव बरामद हुए। मौके से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री तथा नक्सल साहित्य भी जब्त किया गया।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि इस वर्ष बस्तर रेंज में कुल 255 नक्सली मारे जा चुके हैं। मारे गए तीनों माओवादी कोंटा-किस्टाराम एरिया में सक्रिय थे तथा कई गंभीर नक्सली घटनाओं में शामिल रहे थे।
मारे गए नक्सलियों में दो एरिया कमेटी मेंबर (एसीएम) कैडर शामिल थे। सुरक्षाबल किस्टाराम एरिया कमेटी से जुड़े पीएलजीए बटालियन नंबर 1 के कमांडर देवा की तलाश में निकले थे।




