रायपुर। रायपुर रैंडोन्यूर्स द्वारा 25 दिसंबर को आयोजित LRM 1200 साइकिलिंग इवेंट में रायपुर के साइकिलिस्ट एवं एनआईटी रायपुर में कार्यरत सुरेश दुआ ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। 1200 किलोमीटर की इस चुनौतीपूर्ण दूरी को निर्धारित 90 घंटे की समय सीमा के भीतर पूरा करना होता है, जिसे सुरेश दुआ ने 78 घंटे 58 मिनट में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया।
इस दौरान उन्होंने पहले दिन रायपुर से देवरी, महाराष्ट्र तक 350 किलोमीटर, दूसरे दिन रायपुर से सोहेला, ओडिशा तक 380 किलोमीटर, तीसरे दिन रायपुर से कांकेर तक 300 किलोमीटर और चौथे दिन रायपुर से गरियाबंद तक 170 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की। इस इवेंट में सुरेश दुआ एकमात्र प्रतिभागी रहे।
गौरतलब है कि सुरेश दुआ वर्ष 2025 में अब तक चार बार सुपर रैंडोन्यूर्स का खिताब अर्जित कर चुके हैं, जिनमें से एक खिताब उन्होंने मात्र छह दिनों में हासिल किया था। रैंडोन्यूर्स लंबी दूरी की साइकिलिंग करने वाले वे साइकिलिस्ट होते हैं, जो निर्धारित समय सीमा में 200 से 1200 किलोमीटर तक की ब्रेवेट राइड पूरी करते हैं। यह उपलब्धि शारीरिक और मानसिक सहनशक्ति का प्रतीक मानी जाती है और इसे आजीवन उपाधि के रूप में मान्यता दी जाती है।
इसी वर्ष जुलाई माह में सुरेश दुआ ने लेह से उमलिंगला, विश्व के सबसे ऊंचे मोटरेबल दर्रे, तक साइकिल यात्रा भी पूरी की थी। वर्ष 2025 में अब तक वह 16,728 किलोमीटर और कुल मिलाकर 85,241 किलोमीटर की साइकिलिंग कर चुके हैं।




