बिलासपुर। सीपत वनमंडल के क्षेत्र में एक जंगली हाथी के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि यह हाथी पाली की दिशा से भटककर गांव की ओर आ गया। हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग का दल सतर्क हो गया और निगरानी बढ़ा दी गई है।
शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे भरुवाडीह गांव की निवासी संतबाई ऊईके लकड़ी लेने जंगल गई थीं, तभी उनकी नजर अचानक हाथी पर पड़ी। जान बचाने के प्रयास में वे भागने लगीं और गिरने से उनके कमर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। 108 एंबुलेंस उपलब्ध न होने पर पुलिस के 112 वाहन की मदद लेनी पड़ी, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी भी रही। बाद में महिला को सीपत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
हाथी ने भरुवाडीह में एक प्लाट की फेंसिंग तोड़ दी और आसपास के कई खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया। ग्राम पोड़ी निवासी सदाराम साहू की लगभग एक एकड़ फसल पूरी तरह रौंद दी गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
वन विभाग के अधिकारी हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए हैं, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।




