दुर्ग। जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित छोटी पुलिया के पास नहर में एक युवक का शव मिला है। स्थानीय लोगों ने नहर के पानी में युवक को औंधे मुंह पड़ा देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान खुर्सीपार गौतम नगर निवासी सतीश प्रसाद (उम्र 44 वर्ष) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया गया है।
भिलाई-3 थाना प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर से बाहर निकल जाता था। आशंका जताई जा रही है कि रविवार रात या सोमवार तड़के शराब के नशे में नहर के पास चलते समय उसका पैर फिसल गया, जिससे वह नहर में गिर पड़ा। गिरने के दौरान गंभीर चोट लगने से उसकी मौत होने की संभावना है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मृतक नहर तक कैसे पहुंचा और घटना के समय क्या परिस्थितियां थीं। फिलहाल पुलिस ने हत्या की आशंका से इनकार किया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। जांच में सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।




