दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक अज्ञात युवक के शव मिलने से हड़कंप मच गया। कुम्हारी थाना क्षेत्र के कैलाश नगर स्थित जियो पेट्रोल पंप के पीछे रविवार देर रात शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर शव की बारीकी से जांच की गई। प्रारंभिक जांच और शिनाख्त प्रक्रिया के बाद पुलिस ने युवक की पहचान धमतरी निवासी सूर्यकांत देवांगन (34) के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार, मृतक सूर्यकांत देवांगन मानसिक रूप से बीमार था और कुछ दिनों से लापता था। परिजनों ने धमतरी में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक शौचालय के लिए गया था और अचानक हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस आगे की जांच के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।




