रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की निर्मम हत्या कर उसके शव को गांव के बाहर खेत में फेंक दिया। वहीं पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने की भी कोशिश की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह छपोरा गांव के खेत में ग्रामीणों ने जली हुई हालत में शव देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना विधानसभा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की हर पहलू से छानबीन की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव बुरी तरह झुलसा हुआ होने के कारण अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को खेत में लाकर जलाने की कोशिश की गई।




