सूरजपुर। ओड़गी थाना क्षेत्र के बांक में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दर्शनार्थियों से भरी बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश के कुंभिया गांव से आठ श्रद्धालु कुदरगढ़ धाम दर्शन के लिए आए थे। दर्शन करने के बाद लौटते समय बांक के पास यह दुर्घटना घटित हुई। हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए और तीन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही ओड़गी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।




