रायपुर। 12 दिसंबर को राजीव भवन में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में भूपेश बघेल, दीपक बैज सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। बैठक में धान खरीदी में अव्यवस्था, बिजली बिल, गाइडलाइन दरें, कानून व्यवस्था और आदिवासी अत्याचार जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इन विषयों को लेकर विधानसभा में सरकार को घेरने की रणनीति तय होगी। सदन में जोरदार हंगामे की संभावना भी जताई जा रही है। विपक्ष मोदी की गारंटी को लेकर भी सरकार पर तीखे सवाल उठाने की तैयारी में है।
इधर, खेल आयोजन के तहत आज उद्घाटन समारोह में छह बार की विश्व चैंपियन और पद्म भूषण व खेल रत्न से सम्मानित मैरी कॉम खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगी। वहीं, 13 दिसंबर को भारतीय फुटबॉल के दिग्गज बाइचुंग भूटिया समापन समारोह में शामिल होंगे। पिछले वर्ष इस आयोजन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में सराहना की थी। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग ने जूनियर वर्ग के लिए 2400 रुपये और सीनियर वर्ग के लिए 3000 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की है। जूनियर वर्ग के विजेताओं को सीधे खेल अकादमी में प्रवेश का लाभ भी मिलेगा।




