बिलासपुर। बिलासपुर में 28 दिसंबर से देश की सबसे बड़ी लाइट वेट टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, देश में पहली बार लाइट वेट टेनिस क्रिकेट में विजेता टीम को 11 लाख 11 हजार 111 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। यह प्रतियोगिता जिले के खेल परिसर में आयोजित की जाएगी।
स्व. उषा देवी भंडारी विनीत कप टेनिस बॉल प्रीमियर लीग के रूप में आयोजित इस टूर्नामेंट के बारे में आयोजन समिति के प्रमुख ईशान निक्कू भंडारी ने बताया कि यह प्रतियोगिता उनकी माता स्व. उषा देवी भंडारी की स्मृति में लगातार 13वें वर्ष आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष प्रतियोगिता का दायरा और स्वरूप पहले से बड़ा होता जा रहा है, जिसके चलते प्रदेश ही नहीं, अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी इसमें हिस्सा लेते हैं।
प्रतियोगिता की विशेषता यह है कि मैचों के दौरान दर्शकों को आईपीएल की तर्ज पर भव्य आतिशबाजी और चियर लीडर्स का मनोरंजन भी मिलेगा। अब तक यह आयोजन लाइट वेट बॉल में मध्य भारत की सबसे बड़ी प्रतियोगिता माना जाता रहा है, लेकिन इस वर्ष बढ़ी हुई इनामी राशि के साथ यह देश की सबसे बड़ी लाइट वेट क्रिकेट प्रतियोगिता बन गई है।
यह आयोजन 28 दिसंबर से शुरू होकर 11 जनवरी तक चलेगा।




