गरियाबंद। राजिम थाना क्षेत्र में श्यामनगर–देवरी मार्ग पर उस समय सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे नहर के पास एक युवती की सड़ी-गली लाश बरामद हुई। बीते दो से तीन दिनों से इलाके में फैल रही तेज दुर्गंध ने ग्रामीणों को पहले ही बेचैन कर रखा था। शनिवार सुबह जब कुछ लोग बदबू के स्रोत की तलाश में निकले, तो झाड़ियों के पास पड़ा शव देखकर उनके होश उड़ गए।
सूचना मिलते ही राजिम थाना प्रभारी अमृत साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास का इलाका सील कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में शव की पहचान रायपुर के टिकरापारा निवासी चंचल साहू के रूप में हुई है। वह 30 जनवरी से घर से लापता थी और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट टिकरापारा थाने में दर्ज कराई थी।
मौके पर जुटी भीड़ के बीच पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की स्थिति को देखते हुए अंदेशा है कि मौत दो-तीन दिन पहले हुई होगी, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती यहां कैसे पहुंची। क्या यह हत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से मौत हुई? घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
गुमशुदगी से लेकर नहर किनारे मिली लाश तक की यह कड़ी कई सवाल छोड़ गई है। जवाब फिलहाल जांच के दायरे में हैं।




