रायपुर। सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का अनशन तीसरे दिन भी जारी है। माना-तूता धरना स्थल पर कड़ाके की ठंड के बीच डेढ़ सौ से अधिक डीएड अभ्यर्थी अनशन पर बैठे हुए हैं। इस दौरान कुछ अभ्यर्थियों की तबीयत भी बिगड़ गई है।
अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने सहायक शिक्षक भर्ती शीघ्र प्रारंभ करने की मांग को लेकर पहले शासन से गुहार लगाई थी और हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था। इसके बावजूद जब भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो उन्होंने अनशन पर बैठने की चेतावनी दी थी। किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर अभ्यर्थी तूता धरना स्थल पर अनशन पर बैठ गए।
अनशनरत अभ्यर्थियों के अनुसार तीन अभ्यर्थियों का रक्तचाप बढ़ गया है और स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है, लेकिन मांग पूरी होने तक अनशन जारी रखने का निर्णय लिया गया है। अभ्यर्थियों ने बताया कि सहायक शिक्षक भर्ती के पांचवें चरण की काउंसलिंग में 2600 पदों पर प्रक्रिया हुई थी, जिसमें केवल 1299 अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिली, जबकि 1316 पद रिक्त रह गए। इसके अलावा कुल 2300 पद अभी भी खाली हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि हाईकोर्ट ने दो माह के भीतर रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने मांगों को न्यायोचित बताते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन दो महीने बीतने के बाद भी कोई पहल नहीं हुई। इसी के चलते अभ्यर्थियों ने अनशन का रास्ता अपनाया है और मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।




