नेशनल डेस्क। बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही अपराध पर नकेल कसना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में बेगूसराय में शुक्रवार देर रात STF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में सरपंच के बेटे की हत्या के आरोपित कुख्यात अपराधी शिवदत्त राय को पुलिस ने घायल अवस्था में दबोच लिया, जबकि उसके बाकी साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
हथियार खरीदने आया था कुख्यात, STF पहले से थी अलर्ट
STF को इनपुट मिला था कि फरार चल रहा अपराधी शिवदत्त राय मल्हीपुर इलाके में हथियार खरीदने पहुंचने वाला है। सूचना की पुष्टि होते ही STF की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय थाना पुलिस को भी जोड़कर घेराबंदी की गई।
Read Also- दिल्ली में आईएसआई से जुड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़
पुलिस देखते ही बदमाशों ने बरसाई गोलियाँ
जैसे ही पुलिस टीम मल्हीपुर के पास पहुँची, दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलियाँ चलाईं। मुठभेड़ के दौरान एक गोली शिवदत्त राय की जांघ में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। घायल की पहचान तेघड़ा के बनहारा गांव निवासी 27 वर्षीय शिवदत्त राय के रूप में हुई है।
घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल बेगूसराय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसकी सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात है। उसकी स्थिति को लेकर पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
Read Also- नास्त्रेदमस की भविष्यवाणियों पर विशेषज्ञों का दावा, साल के अंत तक नई महामारी की आशंका
निशानदेही पर हथियार, कैश और कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद
पकड़े गए अपराधी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक घर में दबिश दी। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार, नकदी और कफ सिरप की खेप बरामद की गई है। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जिलेभर में छापेमारी कर रही है।




