रोहतास। जिले में एक 13 साल की छात्रा के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। चार कर्मियों ने बारी-बारी से छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उन्होंने बेरहमी से छात्रा की पिटाई करते हुए उसके मुंह को बंद कर दिया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक अन्य नाबालिग छात्रा के जांच मामले को लेकर टीम पहुंची। मौके पर पहुंची टीम छात्रा के पास जैसे ही पहुंची वो फूट-फूटकर रोने लगी। जब टीम ने रोने की वजह पूछी तो छात्रा ने जो बताया उसे सुनकर सबके रोंगटे खड़े हो गए। मामला इंद्रपुरी थाना अंतर्गत स्थित एक हॉस्टल का है।
बीते सात अगस्त की रात को उसके साथ हैवानियत का खेल खेला गया। हॉस्टल के चार कर्मियों ने रात भर उसके साथ रेप किया। आठ अगस्त की सुबह उसकी जमकर पिटाई कर दी ताकि डर से किसी को नहीं बताए। लेकिन इसी दौरान एक अन्य बच्ची के मामले में बाल कल्याण समिति की टीम हॉस्टल पहुंची थी। पुलिस की टीम भी मौजूद थी। पीड़ित छात्रा हिम्मत करके टीम के पास दौड़कर पहुंची गई और रोने लगी। जब उससे रोने का कारण पूछा गया तो अपने साथ घटित आपबीती टीम को सुनाई। छात्रा की बात सुनकर बाल कल्याण समिति के दोनो सदस्य अवाक रह गए।
बाल कल्याण समिति ने तत्काल उसका रेस्क्यू किया और काउंसलर के बयान पर इंद्रपुरी थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। जिला प्रसाशन को रिपोर्ट कर दिया गया है। उचित कार्रवाई की जा रही है।




