Rajnandgaon News: राजनांदगांव में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान डेटा एंट्री में व्यापक गड़बड़ी का मामला सामने आया है। जांच में 3 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के अंक और इवेंट का समय गलत दर्ज किया गया। एसपी मोहित गर्ग ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मैनुअल डेटा और कंपनी के सिस्टम के डेटा में बड़ा विरोधाभास पाया गया है। इवेंट के समय और अंक दर्ज करने के समय में भी भिन्नता थी। इस गड़बड़ी में शामिल 4 आरक्षकों और 2 कंपनी कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सभी का मोबाइल डाटा जब्त किया गया है, और लेनदेन की आशंका पर खातों की जांच भी की गई है, हालांकि अब तक इस मामले में कोई बड़े अफसरों से पूछताछ नहीं हुई है।
जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि लगभग हर इवेंट के डेटा एंट्री में गड़बड़ी हुई है। मैनुअल अंक और कंपनी के द्वारा दर्ज किए गए अंक अलग-अलग पाए गए हैं, और इवेंट के समय और अंक दर्ज करने का समय भी मेल नहीं खाता। एसपी मोहित गर्ग ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी पुष्पेंद्र नायक को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। पहले इस मामले की जांच लालबाग थाना स्तर पर हो रही थी, लेकिन अब इसे उच्च स्तर पर सौंप दिया गया है।
Read Also- सुकमा में एफओबी कैंप के पास CRPF और नक्सलियों के बीच फायरिंग, दो जवान घायल
Rajnandgaon News: गड़बड़ी के बाद वन विभाग ने भी अपनी भर्ती प्रक्रिया की जांच शुरू कर दी है। टाइमिंग टेक्नोलॉजी कंपनी ने ही वनरक्षक भर्ती के फिजिकल टेस्ट के डेटा को दर्ज किया था, और पुलिस भर्ती के मामले में सामने आई गड़बड़ी के बाद वन विभाग ने भी मैनुअल और ऑनलाइन दर्ज अंकों का मिलान शुरू कर दिया है।
पूरे छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती के लिए टाइमिंग टेक्नोलॉजी कंपनी द्वारा एक ही सॉफ्टवेयर और डेटा एंट्री सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है। नांदगांव में जितनी गड़बड़ी सामने आई है, उसी प्रकार की गड़बड़ी अन्य जिलों में भी हो सकती है। अब विभाग को यह आशंका है कि अन्य जिलों में भी भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी हो सकती है, क्योंकि कंपनी का सॉफ्टवेयर और डेटा एंट्री सिस्टम एक ही है।
Read Also- नक्सलियों के स्मारक को जवानों ने किया ध्वस्त, माओवादियों के हथियार बनाने का सामान बरामद
Rajnandgaon News: इस बीच, निलंबित आरक्षक अनिल रत्नाकर के सुसाइड के बाद रायपुर में पुलिस परिवार के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। निलंबित आरक्षक संजीव मिश्रा ने तख्ती लेकर राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन करते हुए पुलिस भर्ती प्रक्रिया और आरक्षकों पर हो रही कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने इस मामले में गड़बड़ी और अधिकारियों की जिम्मेदारी को लेकर विरोध जताया।




