कोरबा। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन आज कोरबा में ऑक्सी रिच जोन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही डोर टू डोर गार्बेज कलेक्शन के लिए नगर निगम कोरबा द्वारा खरीदी गई 80 ई-रिक्शा का वितरण भी किया जाएगा। ई-रिक्शा वितरण कार्यक्रम गुरुवार को दोपहर 3 बजे नगर निगम के भंडार गृह में आयोजित किया गया है, वहीं पौड़ीबहार उद्यान में शाम 4 बजे लोकार्पण और भूमि पूजन का कार्यक्रम होगा।
नगर निगम कोरबा द्वारा डोर टू डोर अपशिष्ट संग्रहण कार्य को सुचारू बनाने के लिए 80 ई-रिक्शा सफाई बेड़े में शामिल किए गए हैं। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन इन ई-रिक्शा को स्वच्छता दीदियों को सौंपेंगे, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था और मजबूत होगी।
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत नगर निगम द्वारा पौड़ीबहार उद्यान में विकसित ऑक्सी रिच जोन का निर्माण 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से किया गया है। इसका लोकार्पण भी मंत्री देवांगन द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पौड़ीबहार उद्यान में 19 लाख रुपये की लागत से वार्ड में किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन भी उनके द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत करेंगी। सभापति नूतन सिंह ठाकुर, मेयर इन काउंसिल के सदस्य, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।




