रायपुर। राज्य युवा महोत्सव का आयोजन आज 23 दिसंबर से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बिलासपुर के खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय महोत्सव 25 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 3000 युवा प्रतिभागी भाग लेंगे। जिला स्तरीय युवा उत्सव के विजेता प्रतिभागी 14 विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
राज्य युवा महोत्सव के विजेता प्रतिभागी आगामी वर्ष आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ की मेजबानी में होने वाले प्रथम खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स की लॉन्चिंग सेरेमनी भी आयोजित की जाएगी। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक और मंचीय कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति होगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करेंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, 25 दिसंबर को समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 के तारतम्य में आयोजित इस राज्य स्तरीय महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिताओं में 14 विधाएं शामिल हैं, जिनमें आठ दलीय और छह एकल विधाएं हैं। दलीय विधाओं में लोकनृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोकगीत, रॉक बैंड और एकांकी शामिल हैं। एकल विधाओं में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला) और पारंपरिक वेशभूषा की प्रतियोगिताएं होंगी। लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला और कविता लेखन की विधाओं के विजेता प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026, नई दिल्ली में भाग लेंगे।
पुरस्कार राशि की बात करें तो दलीय विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों को 20 हजार रुपए, द्वितीय को 15 हजार रुपए और तृतीय स्थान पर रहने वालों को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। एकल विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। महोत्सव में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को 1 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
राज्य युवा महोत्सव के दौरान प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। 23 दिसंबर को उद्घाटन दिवस पर बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र में शाम 5 बजे से आरूग बैंड की प्रस्तुति और नारायणपुर के प्रसिद्ध मल्लखंब का प्रदर्शन होगा। इसी दिन बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में रात साढ़े 8 बजे से कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित अन्य कवि कविता पाठ करेंगे।
24 दिसंबर को काफिला बैंड और स्वप्निल लाइव बैंड की प्रस्तुति होगी, जबकि 25 दिसंबर को आरू साहू और दायरा (बस्तर) बैंड की प्रस्तुति के साथ समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।




