रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर 23 जनवरी 2026 को पूरे प्रदेश में मदिरा तथा मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया है। यह मांग “पंथश्री हुजूर उदितमुनि नाम साहेब” के विधिवत चादर तिलक समारोह के अवसर पर की गई है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि श्री सद्गुरु कबीर धर्मदास वंशावली के 16वें वंशाचार्य परम पूज्य पंथश्री हुजूर उदितमुनि नाम साहेब का चादर तिलक समारोह 23 जनवरी 2026 को कबीर धर्मनगर, दामाखेड़ा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में अनुयायियों के शामिल होने की संभावना है।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि जिला राजनांदगांव के कबीरपंथी समाज के प्रतिनिधिमंडल द्वारा इस अवसर की धार्मिक और सामाजिक गरिमा को ध्यान में रखते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में मदिरा तथा मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया गया है।
डॉ. रमन सिंह ने जनआस्था को दृष्टिगत रखते हुए राज्य सरकार से इस संबंध में उचित कार्रवाई करने और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की अपेक्षा जताई है।





