जगदलपुर। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे नगरनार क्षेत्र में पुलिस ने दो दिनों में गांजा तस्करी के दो बड़े मामलों का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान कुल 11 लाख 90 हजार रुपए मूल्य का गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो ओडिशा से नशे की खेप लेकर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे।
पहली कार्रवाई 29 अक्टूबर को नगरनार पुलिस ने की। गुप्त सूचना पर ओडिशा से आ रहे एक ट्रक को चेकपोस्ट पर रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक से 73 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 30 हजार रुपए बताई जा रही है। ट्रक चालक मुराद साह (30), निवासी मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त किया गया।
अगले दिन 30 अक्टूबर को दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने ओडिशा की ओर से आ रही एक कार को रोका। तलाशी में 46.37 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई। कार में सवार दो युवकों मोहम्मद शोएब (24) और मुर्शीद (35), दोनों उत्तर प्रदेश निवासी, को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे गांजा ओडिशा से खरीदकर यूपी में सप्लाई करने जा रहे थे।
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन और वाहन जांच अभियान जारी रहेगा ताकि नशीले पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण रखा जा सके।
बस्तर संभाग का नगरनार इलाका लंबे समय से ओडिशा और आंध्र प्रदेश से आने वाले नशे के तस्करों के मार्ग के रूप में कुख्यात रहा है। पुलिस की ताजा कार्रवाई से इस नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद है।




